मथुरा: राया क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर कोयल फाटक सर्विस रोड कट के पास दो निजी बसों की टक्कर हो गई। हादसे में एक चालक और तीन यात्री घायल हुए। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
सीओ महावन संजीव कुमार के अनुसार, दोनों बसें जयपुर से बरेली जा रही थीं। देर रात करीब ढाई बजे आगे चल रही बस के चालक ने अचानक सर्विस रोड की ओर वाहन मोड़ दिया। इसी दौरान पीछे आ रही बस उससे टकरा गई। घायलों में बरेली निवासी चालक कासिम, बदायूँ निवासी नन्हे, पीलीभीत निवासी शौकीन और राजस्थान निवासी धारू सिंह शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरी बस का चालक मौके से चला गया।
सूचना मिलने पर कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक इंतजार अली और उपनिरीक्षक त्रिदेव शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाने की कार्रवाई भी की गई।
Tags: