नई टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले के लंबगांव में बुधवार को सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित सहकारिता ऋण मेले में 112 लाभार्थियों को कुल 1.07 करोड़ रुपये के ऋण के चेक वितरित किए गए। दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत आयोजित इस मेले का उद्देश्य किसानों और ग्रामीणों को कृषि एवं स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम का आयोजन जिला सहकारी बैंक लंबगांव और मुखेम एवं प्रतापनगर ब्लॉक की साधन सहकारी समितियों के सहयोग से किया गया। इस दौरान डीसीबी निदेशक वरुणपाल रजवार, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी पंवार और भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज रमोला ने चयनित लाभार्थियों को ऋण के चेक सौंपे।

जिला सहकारी बैंक लंबगांव के शाखा प्रबंधक विजय प्रकाश सरोज और सुरेंद्र कोहली ने बताया कि योजना के तहत किसानों और काश्तकारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

मेले में मुखेम, दीनगांव, कुड़ियालगांव, ल्वार्खा, सिलारी, रौणद रमोली, मांजफ और लंबगांव सहित विभिन्न सहकारी समितियों से जुड़े किसानों को ऋण वितरित किए गए।

आयोजकों ने बताया कि सहकारिता योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, स्वरोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Tags: