देहरादून: उत्तराखंड के पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (एसईआईएए) ने परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके तहत एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई मौजूदा 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर की जाएगी, जिससे भविष्य में बड़े विमानों का संचालन संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से पर्यटन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की प्रस्तावित इस परियोजना पर लगभग 375.33 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। विस्तार के बाद एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल लगभग 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें 109.017 हेक्टेयर मौजूदा भूमि और 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल होगी।

परियोजना के तहत टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। विमान पार्किंग की क्षमता दो से बढ़ाकर सात स्थानों की जाएगी। इसके अलावा टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। विस्तार के बाद एयरपोर्ट को सालाना करीब 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण के लिए एयरपोर्ट परिसर में लगभग पांच हेक्टेयर अतिरिक्त हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। साथ ही गंदे पानी के शोधन के लिए 165 किलोलीटर क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। सौर ऊर्जा क्षमता भी 160 किलोवाट से बढ़ाकर 232 किलोवाट की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि परियोजना के लिए किसी परिवार को विस्थापित नहीं करना पड़ेगा। निर्माण के दौरान पर्यावरणीय नियमों और विमानन सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा।

पर्यावरणीय मंजूरी मिलने के बाद अब पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इससे कुमाऊं क्षेत्र में हवाई संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

Tags: