रेलवे स्टेशन पर युवक की चाकू मारकर हत्या, तीन अन्य जख्मी
स्टेशन परिसर में खूनी वारदात, युवक की मौत से सनसनी
हिसार: हिसार के मुख्य रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना के दौरान हुए विवाद में तीन अन्य युवक भी घायल हो गए। वारदात के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सिरसा जिले के जोधकां गांव निवासी कर्ण सिंह रेलवे स्टेशन पर बैठा था। इसी दौरान 10 से 12 युवकों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकू से कई वार किए। हमले में कर्ण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
घटना में राहुल, शुभम और एक अन्य युवक को भी चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल कर्ण सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी जुटाई। मृतक कर्ण सिंह का शव नागरिक अस्पताल में रखा गया है। घटना के पीछे के कारणों और आरोपितों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।