ऑटो-विक्रम चालकों ने खोला मोर्चा, 30 को नगर निगम पर प्रदर्शन
ऑटो-विक्रम चालकों की नाराजगी बढ़ी, नगर निगम घेराव का ऐलान
हरिद्वार: धर्मनगरी में ई-कार्ट और सिटी बसों के संचालन की योजना के विरोध में ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा संयुक्त महासंघ ने मोर्चा खोल दिया है। महासंघ ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरि को ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने चेतावनी दी कि योजना वापस नहीं लेने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
महासंघ अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि प्रशासन को गरीब और मेहनतकश लोगों के हितों का ध्यान रखना चाहिए। ई-कार्ट और सिटी बस संचालन की योजना से हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में पहले से ही करीब 14 हजार ई-रिक्शा संचालित हैं। ऐसे में ई-कार्ट और सिटी बसों के संचालन से यातायात का दबाव और बढ़ेगा। रोजगार के सीमित अवसरों के बीच यह योजना कई लोगों को बेरोजगारी की ओर धकेल सकती है।
उन्होंने ऐलान किया कि 30 अक्टूबर को हजारों की संख्या में ई-रिक्शा, ऑटो और विक्रम चालक व वाहन स्वामी नगर निगम का घेराव करेंगे। राजू मनोचा और नवीन तेश्वर ने कहा कि जब तक योजना वापस नहीं ली जाती, विरोध जारी रहेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ई-रिक्शा के संचालन पर रोक और पाबंदियां लगाई जाती हैं, जबकि ई-कार्ट व सिटी बसों के संचालन की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने ई-कार्ट के पंजीकरण, टैक्स और बीमा को लेकर भी सवाल उठाए।
धरना-प्रदर्शन में विष्णु अरोड़ा, आदेश पंडित, अशोक कुमार, जगदीश भारद्वाज, हरीश अरोड़ा, कपिल बिश्नोई, राजकुमार, अमर मिश्रा, सुभाष, सुमित कुमार, रवि शर्मा, मांगेराम, प्रमेंद्र, देवा ठाकुर, राजेंद्र यादव, मनोज कुमार, गोपाल साहू और संजीव चतुर्वेदी सहित अन्य लोग शामिल रहे।