हरिद्वार: लक्सर कोतवाली पुलिस ने ग्राम संघीपुर में गन्ने के खेत में गौकशी किए जाने का मामला पकड़ा है। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन आरोपी अंधेरे और गन्ने की फसल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से करीब 120 किलो गौमांस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

लक्सर कोतवाली निरीक्षक परवीन सिंह कोश्यारी ने बताया कि 27 अक्टूबर को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम संघीपुर स्थित गन्ने के खेत में गौकशी किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद पांच आरोपियों में से दो को पकड़ लिया गया, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अय्यूब पुत्र ईसाक और आरिफ पुत्र एनुलहक, निवासी ग्राम संघीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से करीब 120 किलो गौमांस के अलावा दो कुल्हाड़ी, दो छुरी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की पन्नियां बरामद की हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। फरार तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक रोहित कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Tags: