देहरादून: उत्तराखंड में जनगणना-2027 की तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोक भवन में ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर जनगणना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपनी पारिवारिक जानकारी सही तरीके से दर्ज कराने की अपील की।

राज्यपाल ने कहा कि जनगणना किसी राज्य की वास्तविक सामाजिक और आर्थिक स्थिति को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाओं की प्राथमिकताएं निर्धारित करती है और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि विश्वसनीय आंकड़े ही जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी बनाने में मददगार साबित होते हैं।

इस बार जनगणना को डिजिटल स्वरूप दिया गया है। इसके तहत नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी स्व-गणना कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक दिसंबर से चार जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से आवश्यक विवरण एकत्र करेंगे।

डॉ. बिसेन ने विशेष रूप से युवाओं से इस अभियान में जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा अपने परिवार के सदस्यों को ऑनलाइन स्व-गणना करने में मदद कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि जब प्रगणक उनके घर पहुंचें तो उन्हें सभी जानकारियां सही और प्रमाणिक रूप से उपलब्ध कराएं।

जनगणना कार्य में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक परिवार से जानकारी जुटाते समय पूरी सावधानी और निष्पक्षता बरती जाए। आंकड़ों की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए विवरणों का सही तरीके से दर्ज होना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीन कुमार और वरिष्ठ उप निदेशक आरके बनवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Tags: