गोविंद घाट से हरकी पैड़ी तक छठ की धूम, सांसद ने श्रद्धालुओं के बीच मनाया पर्व
हरिद्वार के छठ घाटों पर उमड़ी आस्था, सांसद राधा मोहन सिंह ने व्रतियों का जाना हाल
हरिद्वार: छठ महापर्व के अवसर पर सांसद राधा मोहन सिंह ने हरिद्वार के विभिन्न घाटों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ महापौर किरण जैसल और भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी भी मौजूद रहे।
सांसद सबसे पहले गोविंद घाट पहुंचे। यहां उन्होंने छठ व्रत कर रहे महिलाओं और पुरुषों से मुलाकात की तथा उनका हालचाल जाना। उन्होंने श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनकी आस्था और समर्पण की सराहना की।
इसके बाद राधा मोहन सिंह विश्व प्रसिद्ध हरकी पैड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने मां गंगा के दर्शन किए और घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं से मुलाकात की। अपने भ्रमण के अगले पड़ाव में वह सप्तसरोवर घाट पहुंचे, जहां उन्होंने छठ व्रतियों की श्रद्धा और भक्ति को नमन किया।
भारतीय संस्कृति और प्रकृति के प्रति आभार का पर्व
इस अवसर पर राधा मोहन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व सूर्य उपासना के साथ अनुशासन, स्वच्छता और परिवार तथा समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना के माध्यम से श्रद्धालु देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इस पर्व की विशेषता इसकी कठिन साधना, निष्ठा और पारंपरिक रीति-रिवाजों में निहित है।
हरिद्वार की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाता है छठ
महापौर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार धर्म और आस्था की नगरी है। यहां सभी पर्व आपसी भाईचारे और श्रद्धा के साथ मनाए जाते हैं। छठ महापर्व के अवसर पर घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति शहर की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को प्रदर्शित करती है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों और समुदायों के लोग हरिद्वार में अपने धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं। ऐसे आयोजन आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है छठ
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। घाटों पर श्रद्धालुओं का उत्साह और उनकी सामूहिक भागीदारी भारतीय संस्कृति की एकता को दर्शाती है।
इस दौरान पूर्व पार्षद अनिल मिश्रा, चंद्रकांत पांडे, अजीत कुमार, उज्ज्वल पंडित और आकाश भाटी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं के बीच छठ महापर्व की आस्था और उत्साह देखने को मिला।