रुड़की: भारत विकास परिषद की समर्पण शाखा की ओर से रविवार को सिविल लाइंस स्थित जीवन मुक्त प्रेम मंदिर में भारत को जानो प्रतियोगिता के द्वितीय चरण का आयोजन किया गया। इसमें प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में सफल रहे विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को कनिष्ठ और वरिष्ठ दो वर्गों में विभाजित किया गया था। प्रत्येक विद्यालय से दोनों वर्गों में दो-दो विद्यार्थियों का चयन किया गया था।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की जानकारी को परखने के लिए प्रश्नों के छह अलग-अलग चरण रखे गए। ऑडियो-विजुअल माध्यम से आयोजित इन चरणों में भारत के इतिहास, भूगोल, धर्म, संस्कृति, खेल, संगीत, प्रसिद्ध व्यक्तित्वों, ऐतिहासिक स्मारकों और समसामयिक घटनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी तैयारी और ज्ञान का परिचय दिया।

वरिष्ठ वर्ग में ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल प्रथम

प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। आर्मी पब्लिक स्कूल-1 दूसरे स्थान पर रहा, जबकि दी ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल चुड़ियाला ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल-2 को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

कनिष्ठ वर्ग में ग्रीनवुड स्कूल ने मारी बाजी

कनिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिता में दी ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल चुड़ियाला के विद्यार्थियों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। आर्मी पब्लिक स्कूल-1 दूसरे और नवरचना पब्लिक स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

इस प्रतियोगिता में नीमा देवी काला पब्लिक स्कूल, सेंट जॉन, नवरचना पब्लिक स्कूल, ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल, ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल, एसपी ग्लोबल, आर्मी पब्लिक स्कूल-1, आर्मी पब्लिक स्कूल-2 और जय कृष्णा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. मनीषा सिंघल ने विभिन्न वर्गों के विजेताओं को स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए।

डॉ. मनीषा सिंघल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में लक्ष्य निर्धारित होना चाहिए। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और आगे बढ़ने के लिए लगातार मेहनत करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और विविध क्षेत्रों से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

Tags: