चमोली में PRD जवानों का अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू
चमोली में PRD जवानों का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
गोपेश्वर: उत्तराखंड के चमोली जिले में समान कार्य-समान वेतन और सालभर रोजगार की मांग को लेकर प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवान सोमवार से अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार पर चले गए। जवानों ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के सामने धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
पीआरडी हित संगठन चमोली के जिलाध्यक्ष करण सिंह फरस्वाण के नेतृत्व में जवानों ने प्रदर्शन किया। संगठन के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर आंदोलन शुरू किया गया है। जवानों ने 18 नवंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज पर भी नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में होमगार्ड की तर्ज पर समान कार्य के लिए समान वेतन और वर्ष के सभी 365 दिन नियमित रोजगार उपलब्ध कराना शामिल है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 25 नवंबर तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो जिले के सभी पीआरडी जवान जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी करेंगे।
इस दौरान संगठन के कोषाध्यक्ष गोविंद आर्य, जिला महामंत्री सुनीता सती सहित नंदानगर, दशोली, जोशीमठ और कर्णप्रयाग के ब्लॉक कमांडर एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।