समाज निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका: गणेश जोशी
हरिओम सरस्वती कॉलेज का स्थापना दिवस, शिक्षाविद् को किया याद
हरिद्वार: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्हें स्वयं नैतिक मूल्यों और आदर्शों का पालन करते हुए विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन और नैतिक शिक्षा प्रदान करनी चाहिए। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सुधार की शुरुआत स्वयं से करनी होगी।
सोमवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज, धनौरी के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मंत्री गणेश जोशी ने शिक्षकों से अपने आचरण से विद्यार्थियों के सामने आदर्श प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय शिक्षाविद् डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी शिक्षा के पर्याप्त अवसर नहीं थे, वहां डॉ. सैनी ने शिक्षा की अलख जगाई। उनके प्रयासों से आज क्षेत्र में अनेक शिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं।
महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार और प्राचार्य डॉ. मुनेन्द्र सिंह ने भी डॉ. सैनी के शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. हर्ष सैनी, सचिव डॉ. आदित्य सैनी, डॉ. अरुणिमा पांडे, डॉ. अंजली देवी सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।