New Tehri: महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की योजनाओं पर रूचि ने जताया भरोसा
नई टिहरी: प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक सभागार में गुरुवार को लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में वक्ताओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की धामी सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में स्वावलंबी बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से लखपति दीदी योजना के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव ने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की रीढ़ हैं। जिलाध्यक्ष इंदु डंगवाल और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री सोना सजवाण ने महिलाओं से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार और जिला महामंत्री जयेंद्र सेमवाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी मातृशक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। सम्मेलन में ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार,मंडल अध्यक्ष मनोज रमोला,डॉ.जानकी नौटियाल,ममता कुड़ियाल,परमवीर पंवार,हर्षमणि सेमवाल,बसंत चौहान,चंद्रशेखर पैन्यूली,धनवीर नेगी, विजयलक्ष्मी,देवेश्वरी बहुगुणा, राजेश्वरी कुड़ियाल,वैशाखी सेमवाल,कविता महर,प्रभा कुड़ियाल,संगीता देवी, बबीता देवी और अनिता देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।