पौड़ी गढ़वाल : कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद नीलकंठ क्षेत्र को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में सुबह नौ बजे शुरू हुए अभियान के दौरान मंदिर परिसर, पैदल मार्ग, पार्किंग स्थल, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई कराई गई।

कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जमा कूड़ा-कचरा हटाने के साथ एकत्रित अपशिष्ट का निर्धारित व्यवस्था के तहत निस्तारण कराया गया। यात्रा व्यवस्थाओं के लिए लगाए गए अस्थायी शिविरों, विश्राम स्थलों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास भी सफाई की गई। प्रशासन का उद्देश्य यात्रा के बाद नीलकंठ क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित करने के साथ धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखना रहा।

अभियान में जिला पंचायत के स्वच्छता कर्मियों और कर्मचारियों के साथ व्यापार मंडल,मंदिर समिति और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यमकेश्वर की ज्येष्ठ प्रमुख स्वाति देवी, ग्राम प्रधान तोली ऊषा देवी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और नागरिकों ने श्रमदान कर अभियान में सहयोग किया।

उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने कहा कि नीलकंठ धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र भी है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमित सफाई, कूड़ा उठान और अपशिष्ट निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और संगठनों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निरंतर सहयोग की अपील की।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। यात्रा समाप्त होने के बाद नीलकंठ क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वच्छता अभियान में विभिन्न विभागों, व्यापार मंडल, मंदिर समिति, टैक्सी यूनियन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता की सराहना की।

उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी से धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है। जिला प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों,व्यापारियों और श्रद्धालुओं से सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने और निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की अपील की।

अभियान में मंदिर के मुख्य पुजारी शिवानंद गिरी जी महाराज, व्यापार मंडल नीलकंठ के अध्यक्ष बृजेश चौहान, सचिव सुमित पंवार, ग्राम प्रधान ऊषा देवी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष देवेंद्र राणा, सचिव देवू शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता शिवचरण सिंह रावत, पूर्व प्रधान रविंद्र नेगी, तेजपाल नेगी, अवनीश नौटियाल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मंदिर समिति, व्यापार मंडल एवं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी तथा स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।

Tags: