Rudraprayag: कालीशिला यात्रा में गुजरात के श्रद्धालु की बिगड़ी तबीयत, हेलीकॉप्टर से बचाई जान

आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर बना सहारा, श्रद्धालु को सुरक्षित निकाला

Update: 2026-07-25 05:54 GMT

रुद्रप्रयाग: जनपद के कालीशिला क्षेत्र में शुक्रवार को हृदयाघात से अचेत हुए गुजरात के एक श्रद्धालु का जिला प्रशासन, यूकाडा, डी.डी.आर.एफ., पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त अभियान के तहत सफल रेस्क्यू किया गया। प्रतिकूल मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालु को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर उपचार के लिए देहरादून भेजा गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 12:34 बजे जिला पंचायत सदस्य कालीमठ सरोज राणा ने सूचना दी कि कालीशिला में एक श्रद्धालु अचानक हृदयाघात के कारण अचेत हो गया है। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से डी.डी.आर.एफ., पुलिस और 108 एम्बुलेंस को मौके के लिए रवाना किया गया।

डी.डी.आर.एफ. ऊखीमठ की टीम अपराह्न 3:26 बजे घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया गया तथा आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया।

अधिकारियों के अनुसार लगातार बदलते मौसम और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र के कारण हेलीकॉप्टर संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। यूकाडा और जिला आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वित प्रयासों से अपराह्न 4:10 बजे फाटा से हेलीकॉप्टर कालीशिला के लिए रवाना हुआ और श्रद्धालु को सुरक्षित एयरलिफ्ट कर देहरादून के शस्त्रधारा स्थित अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया।

रेस्क्यू किए गए श्रद्धालु की पहचान गुजरात निवासी 44 वर्षीय पर्वत भाई के रूप में हुई है। अभियान के दौरान डी.डी.आर.एफ. की टीम और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग किया।

Tags:    

Similar News