खड़गपुर: खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान के दौरान रेलवे पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 11.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। बरामद गांजा तीन अलग-अलग पैकेटों में रखा हुआ था, जिन्हें आरोपित अपने बैग में लेकर जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी संजीव राय (42) के रूप में हुई है। खड़गपुर जीआरपी जिला की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शुक्रवार रात को खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या छह पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संजीव राय को संदेह के आधार पर पकड़ा। सरकारी अधिकारी की उपस्थिति में उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन पैकेटों में रखा कुल 11.460 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद हुआ।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह गांजा कटक रेलवे स्टेशन से लेकर आया था और इसे रुपये के बदले बिहार में पहुंचाने की योजना थी। पुलिस अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

इस मामले में खड़गपुर जीआरपीएस थाना में 31 अक्टूबर 2026 को कांड संख्या 164/26 दर्ज किया गया है। आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस आरोपित को शनिवार को संबंधित एनडीपीएस न्यायालय में पेश करेगी। इसके साथ ही तस्करी के व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपित की 10 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजा की आपूर्ति और वितरण का नेटवर्क किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।

Tags: