Nadia: पूर्व विधायक कल्लोल खां की कार दुर्घटनाग्रस्त, चालक गंभीर रूप से घायल

Update: 2026-07-26 06:22 GMT

नदिया: जिले के नाकाशीपाड़ा के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक कल्लोल खां शनिवार को सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई, जब वह चिकित्सकीय परामर्श के लिए कोलकाता जा रहे थे। हादसे में उनके वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक को गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार, कृष्णनगर कोतवाली थाना क्षेत्र के इटले इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर यह दुर्घटना हुई। बताया गया है कि एक लॉरी के अचानक पीछे आने से पूर्व विधायक की कार उससे टकरा गई। दुर्घटना के समय वाहन में कल्लोल खां के साथ उनके लंबे समय से सहयोगी एकराम शेख भी मौजूद थे।

एकराम शेख ने बताया कि इटले मोड़ के पास एक लॉरी अचानक पीछे आने लगी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि उस स्थान पर वाहन को पीछे करने की अनुमति नहीं थी।

दुर्घटना में कल्लोल खां के पैर में चोट लगी है, जबकि एकराम शेख के दाहिने हाथ और पैर में भी चोट आई है। चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को शक्तिनगर जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त लाॅरी को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News