राजा राममोहन राय मेला फिर होगा गुलजार, आयोजन की तैयारी तेज
नए कलेवर में लौटेगा ऐतिहासिक राजा राममोहन राय मेला
हुगली: कई वर्षों तक बंद रहने के बाद अब एक बार फिर नए उत्साह के साथ राजा राममोहन राय मेले के आयोजन की पहल की गई है। इसी उद्देश्य से रविवार को क्षेत्र के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में एक विशेष बैठक आयोजित हुई।
इस दौरान मेले को नए स्वरूप में आयोजित करने, उसकी ऐतिहासिक विरासत और गौरव को पुनर्जीवित करने तथा भविष्य में आयोजन को और बेहतर एवं सुव्यवस्थित बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में खानाकुल के विधायक सुशांत घोष, खानाकुल थाने के प्रभारी अधिकारी समीर मुखर्जी सहित क्षेत्र के अन्य विशिष्ट लोग उपस्थित रहे।
राजा राममोहन राय के नाम और स्मृतियों से जुड़ा यह मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। लंबे समय बाद मेले को दोबारा शुरू करने की पहल से स्थानीय निवासियों में उम्मीद जगी है।