Rajgarh. राजगढ़। राजगढ़ उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उपमंडल स्तरीय बस मार्ग निर्धारण समिति की बैठक में करीब 10 नए बस मार्ग प्रस्तावित किए गए हैं। इन मार्गों को मंजूरी मिलने पर हजारों ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और किसानों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बीडीओ कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने की। उन्होंने बताया कि बैठक में उन क्षेत्रों की पहचान की गई, जहां अभी तक नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं है या परिवहन सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं।
पंचायतों से प्राप्त मांगों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम ने बताया कि विशेष रूप से ऐसे मार्गों को प्राथमिकता दी गई है, जहां विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों और आम लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विभिन्न पंचायतों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर लगभग 10 नए बस रूट चिन्हित किए गए हैं। इन प्रस्तावों का तकनीकी एवं व्यवहारिक परीक्षण कर स्वीकृति के लिए सक्षम प्राधिकारी को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाना है।