एंबुलेंस से 80 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, पीछे-पीछे दौड़ रही थी थार, शक होने पर पुलिस ने पकड़ा

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-07-20 01:51 GMT

आगरा। पंजाब-हरियाणा से बिहार व झारखंड में बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी की जा रही है। शनिवार को आगरा जिले के एत्मादपुर पुलिस ने सायरन बजाती हुई जा रही एंबुलेंस पकड़कर इस नेटवर्क का खुलासा किया। एंबुलेंस में मरीज नहीं, बल्कि 80 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके आगे एक थार चल रही थी, ताकि रास्ते में रोकने पर गंभीर मरीज होने का बहाना बनाया जा सके। पूछताछ में सामने आया कि तस्करों ने शराब की ढुलाई के लिए विशेष रूप से एंबुलेंस खरीदी थी।

डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि पंजाब से बिहार के पूर्वी चंपारण के लिए शराब की खेप भेजी जा रही है। पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे के पास गढ़ी रामी मार्ग पर एंबुलेंस को रोक लिया। उसके आगे बिहार नंबर की एक थार चल रही थी, जिसमें चार युवक सवार थे। वे पुलिस से उलझ गए और एंबुलेंस में गंभीर मरीज होने की बात कहने लगे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसी दौरान एंबुलेंस ड्राइवर कूदकर भागने लगा, लेकिन उसे भी दबोच लिया गया।

पुलिस की तलाशी में एंबुलेंस से करीब 10.50 लाख रुपये कीमत की 80 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले चार खेप सुरक्षित पहुंचा चुके थे और यह पांचवां चक्कर था। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने एंबुलेंस खरीदी थी। यमुना एक्सप्रेसवे पर आते ही एंबुलेंस पर प्रयागराज का नंबर लगा देते थे, जबकि आगे बिहार नंबर की थार चलती थी। सायरन बजाती एंबुलेंस को देखकर पुलिस बैरियर भी आसानी से खुल जाते थे। आरोपियों ने बताया कि थार अप्रैल 2026 में एक फाइनेंस कंपनी की नीलामी से खरीदी गई थी।

पुलिस ने धोखाधड़ी और आबकारी अधिनियम की धाराओं में सोनीपत (हरियाणा) निवासी रोहित, साहिल, पंकज तथा जींद निवासी साहिल और संदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पांचों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। बीते दिनों ही मलपुरा थाना पुलिस ने स्क्रैप की आड़ में ट्रक के ले जाई जा रही शराब को पकड़ा था। इस शराब की कीमत करीब साठ लाख रुपये बतायी गयी है। यह शराब पंजाब के जिरकपुर से गोरखपुर भेजी जा रही थी। तब पुलिस ने ट्रक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिले में पशुओं की आड़ में भी शराब ले जाने के मामले सामने आ चुके हैं।

Tags:    

Similar News