BMW सवार महिला की दबंगई! ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाने की कोशिश, धमकी देकर भागी
BMW सवार महिला की दबंगई! ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाने की कोशिश, धमकी देकर भागी
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के जुहू इलाके में BMW कार चला रही एक महिला की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। महिला पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी के ऊपर कार चढ़ाने की कोशिश करने, धमकी देने और मौके से फरार होने का आरोप है। ट्रैफिक कांस्टेबल की शिकायत पर जुहू पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच विलेपार्ले पश्चिम इलाके में हुई। एनएस रोड नंबर 10 स्थित प्रतीक्षा बंगले के सामने संगीत महाभारती जंक्शन पर सांताक्रुज ट्रैफिक विभाग में तैनात कांस्टेबल प्रशांत गोकुल हाके यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे।
इसी दौरान एक BMW कार और वैगनआर के बीच मामूली टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क के बीच खड़े हो गए, जिससे यातायात बाधित होने लगा। मौके पर मौजूद कांस्टेबल प्रशांत हाके ने दोनों वाहन चालकों को गाड़ियां सड़क किनारे लगाने के निर्देश दिए।
आरोप है कि BMW चला रही महिला ने पुलिसकर्मी के निर्देशों का पालन करने के बजाय उनसे बहस शुरू कर दी। महिला ने कथित तौर पर कांस्टेबल को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी और उनके ऊपर कार चढ़ाने की कोशिश की। जब पुलिसकर्मी ने महिला को रुकने के लिए कहा, तो वह कार लेकर मौके से फरार हो गई।
डीसीपी मोहित गर्ग के मुताबिक, कांस्टेबल प्रशांत गोकुल हाके की शिकायत के आधार पर जुहू पुलिस स्टेशन में महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।