झांसी। यूपी के झांसी के एक होटल में बैंक मैनेजर की पत्नी खड़े-खड़े गिरी और उसका सिर फट गया। चंद पलों में उसकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। उधर, महिला के पिता ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि पोस्टमार्टम में उसकी मौत का कारण हार्ट अटैक निकला है। वहीं, परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
प्रेमनगर के नैनागढ़ में रहने वाले रामजीलाल सिमौलिया की बेटी 27 वर्षीया बेटी मुस्कान की शादी करीब 3 महीने पहले 29 जून को मध्य प्रदेश के विदिशा में रहने वाले नीलेश के साथ हुई थी। रामजीलाल के मुताबिक मुस्कान की 28 अक्टूबर को जूनियर इंजीनियर (जेई) की परीक्षा थी। उसे 10 अक्टूबर को घर ले आए थे। सोचा था कि मुस्कान एग्जाम भी दे देगी और कुछ दिन मायके में भी रह लेगी। उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर की रात नीलेश आया और अगले दिन झूठ बोलकर ले गया कि मौसी के यहां जा रहा हूं। रविवार को नीलेश का फोन आया कि आप रुद्र होटल आ जाइए।
रामजीलाल ने बताया कि यहां कोई रुद्र होटल ही नहीं है। ढूंढा तो पता चला कि ऋषभ होटल है, जब इसी होटल में पहुंचे तो पता चला कि दामाद बेटी को मौसी के यहां नहीं, बल्कि इस होटल में लाया था। उनके मुताबिक जब होटल पहुंचे तो नीलेश का फोन आया कि नर्सिंग होम में आइए। वहां गए तो भी नहीं मिला। फिर उसने फोन कर सिविल अस्पताल बुलाया, वहां पहुंचने पर होश उड़ गए। मुस्कान मृत पड़ी हुई थी। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि दामाद ने बेटी की दीवार में सिर मारकर हत्या कर दी है। दामाद के दूसरी महिलाओं से भी संबंध हैं। उसकी पहले से ही एक पत्नी भी है। नीलेश मुस्कान से बार-बार कहता था कि मेरी पहली पत्नी तुमसे बढ़िया है।
उधर, मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर होटल के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसमें मुस्कान को पति और होटल स्टाफ के साथ कमरे में जाता देखा गया। कर्मचारी और पति कमरे के अंदर जाते हैं, जबकि मुस्कान पीछे-पीछे दरवाजे तक पहुंची और अचानक खड़े-खड़े गिर जाती है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जब पोस्टमार्टम कराया तो उसकी मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया गया। वहीं, सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे ने बताया कि मुस्कान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक आया है। पुलिस के मुताबिक दंपति शनिवार को होटल में रुके थे और रविवार को चेक आउट के दौरान अचानक महिला के गिरने से उसके सिर पर गंभीर चोट आ गई। पति उसे जिला अस्पताल लेकर गया था, यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। ससुर ने दामाद पर दीवार में सिर मारकर हत्या का संदेह जताया था। फिलहाल मामले में अभी तक परिजनों ने पुलिस से शिकायत नहीं की है।
Tags: