टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, 2 महिलाओं समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
रेलवे स्टेशन से पकड़ी गईं दोनों महिलाएं
दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार से जुड़े फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता मिली है। 18 अक्टूबर को हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को पकड़ा है। जांच में सामने आया है कि वारदात के लिए कथित तौर पर अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस मंगवाए गए थे।
दो महिलाओं समेत चार आरोपी पकड़े गए
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल, सुमित, राधा और बबीता के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ समन्वय कर कार्रवाई की। अदालत की अनुमति मिलने के बाद महाराष्ट्र पुलिस सीआईडी, मुंबई ने चारों आरोपियों की औपचारिक गिरफ्तारी की। अदालत ने आरोपियों को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेजने की अनुमति दी है।
अमृतसर से मंगाई गई थी पिस्टल और 20 कारतूस
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी कुणाल ने कथित तौर पर अनिल पंडित के निर्देश पर अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस हासिल किए थे। आरोप है कि कुणाल ने इसके बाद राधा और बबीता को हथियार लेकर मुंबई भेजा। पुलिस अब हथियारों की आपूर्ति और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है।
रेलवे स्टेशन से पकड़ी गईं दोनों महिलाएं
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी के बाद दोनों महिलाएं मुंबई से दिल्ली लौट आई थीं। 20 अक्टूबर को उन्हें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। वहीं, कुणाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से हिरासत में लिया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग के पीछे की साजिश, हथियारों के स्रोत और अन्य संभावित सहयोगियों का पता लगाने में जुटी है।