भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही नाव पलटी, कई लोगों के मारे जाने की खबर
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास एक बड़ा हादसा हो गया है, जहां कई भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव अचानक पानी में पलट गई. इस दुखद घटना के बाद से ही स्थानीय प्रशासन राहत-बचाव के काम में जुट गया है. वियतनाम में मौजूद भारतीय दूतावास वहां की सरकार से लगातार संपर्क बनाए हुए है, ताकि हादसे से जुड़ी हर जानकारी तुरंत मिल सके. लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. भारतीय अधिकारी हर स्थिति पर नजर रख रहे हैं.
हादसे की खबर मिलते ही वियतनाम में मौजूद भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करके इस बात की पुष्टि की. दूतावास ने अपने ट्वीट में लिखा, "एक बेहद दुखद घटना में, कुछ घंटे पहले वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई है. हादसे के सटीक विवरण का पता लगाया जा रहा है, स्थानीय अधिकारियों की तरफ से खोज और बचाव अभियान फिलहाल जारी है."
प्रभावित परिवारों की मदद, जानकारी देने के लिए हो ची मिन्ह सिटी में मौजूद भारतीय दूतावास (Consulate General) में एक कंट्रोल रूम तैयार कर दिया गया है. लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
+84 36 281 7930
+84 91 552 37 14
+84 33 452 0414
इसके अलावा हनोई में भी एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका हेल्पलाइन नंबर +84 91 308 9165 है. दूतावास ने साफ कहा है कि वे किसी भी तरह की पूछताछ या मदद के लिए हर समय तैयार हैं.