नई दिल्ली: कांग्रेस कल देशभर में कैंडलमार्च और सत्याग्रह करेगी. कांग्रेस संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सर्कुलर जारी कर सभी प्रदेश कमेटी को इस बाबत निर्देश दिया है. उन्होंने छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कैंडल मार्च में सभी से शामिल होने की अपील की है.
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने शनिवार 25 जुलाई को देशभर में जिला स्तर पर कैंडललाइट मार्च और सत्याग्रह आयोजित करने का फैसला किया है. पार्टी ने सभी प्रदेश कांग्रेस समितियों और जिला इकाइयों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं. यह कार्यक्रम NEET और CBSE से जुड़े मुद्दों, छात्रों के साथ एकजुटता जताने तथा छात्रों पर हुई कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया जाएगा.
कांग्रेस महासचिव केसी. वेणुगोपाल की ओर से 24 जुलाई को जारी पत्र में कहा गया है कि नई दिल्ली में हुई हालिया घटनाओं और पार्टी के देशव्यापी आंदोलन के क्रम में सभी प्रदेश कांग्रेस समितियां अपने-अपने अधिकार क्षेत्र की जिला कांग्रेस समितियों को निर्देश दें कि वे शनिवार, 25 जुलाई की शाम विशाल कैंडल मार्च और सत्याग्रह का आयोजन करें. पत्र के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिला कांग्रेस समिति के नेतृत्व में मार्च महात्मा गांधी या डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक निकाला जाएगा और वहीं इसका समापन होगा.
कांग्रेस ने कहा है कि यह सत्याग्रह उन छात्रों और युवाओं के साथ एकजुटता जताने के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिनका भविष्य एजुकेशन और एग्जाम सिस्टम में अनियमितताओं और विफलताओं से प्रभावित हुआ है. पार्टी ने एग्जाम सिस्टम की क्रेडिबिलिटी फिर से स्थापित करने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग भी दोहराई है.
एआईसीसी ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस समितियों के साथ-साथ पार्टी के सभी प्रकोष्ठों, विभागों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है. साथ ही अधिक से अधिक छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया गया है.