होटल की लिफ्ट में 14 मिनट तक फंसे कांग्रेस सांसद शशि थरूर

रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला

Update: 2026-07-17 18:22 GMT
Thiruvananthapuram तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार शाम केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के एक होटल की लिफ्ट में करीब 14 मिनट तक फंसे रहे। घटना उस समय हुई जब वह रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट के एक इंस्टॉलेशन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और विशेष उपकरण की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
फायर स्टेशन अधिकारियों के अनुसार, शाम 7:37 बजे होटल की लिफ्ट में लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने पहले लिफ्ट की चाबी और अन्य तकनीकी उपायों से दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद हाइड्रोलिक स्प्रेडर का उपयोग कर लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और शाम 7:51 बजे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बताया गया कि लिफ्ट निर्धारित मंजिल तक पूरी तरह नहीं पहुंची थी, जिसके कारण उसके दरवाजे लॉक हो गए। उस समय लिफ्ट में शशि थरूर समेत कुल सात लोग मौजूद थे।लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद शशि थरूर मुस्कुराते हुए नजर आए। उन्होंने बचाव दल का आभार जताते हुए कहा, "आप सभी का धन्यवाद, आपने बहुत अच्छा काम किया। हम पूरी तरह ठीक हैं।"
रेस्क्यू अधिकारियों के अनुसार, लिफ्ट को सामान्य तरीके से खोलना संभव नहीं था, इसलिए हाइड्रोलिक स्प्रेडर का इस्तेमाल किया
गया
। यह विशेष उपकरण फायर एवं रेस्क्यू टीमों द्वारा दुर्घटनाओं या आपात स्थितियों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रयोग किया जाता है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। होटल प्रबंधन ने भी राहत की सांस ली और लिफ्ट में आई तकनीकी खराबी की जांच शुरू कर दी है।
Tags:    

Similar News