मुंबई: मुंबई में बेखौफ चोरों ने पुलिस को भी नहीं बख्शा. शातिर चोरों ने एलटी मार्ग इलाके में मौजूद मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय के बेहद करीब पुलिसकर्मियों के घरों पर ही हाथ साफ कर दिया. उन चोरों ने वहां रहने वाले पांच पुलिसकर्मियों के घरों से गैस सिलेंडर चोरी कर लिए. घटना के सामने आते ही महकमें में हड़कंप मच गया. इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह वारदात एलटी मार्ग इलाके में स्थित एक आवासीय परिसर में हुई, जहां पुलिस विभाग में कार्यरत कर्मचारी अपने परिवार के साथ रहते हैं. शिकायतकर्ता एक महिला हैं, जो एलटी मार्ग स्थित रूम नंबर 4 में रहती हैं. उनके पति साल 2006 से मुंबई पुलिस विभाग में कार्यरत हैं. इसके बावजूद चोरों ने पुलिसकर्मियों के आवासीय परिसर में घुसकर सिलेंडर चोरी करने का दुस्साहस किया.
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनके घर के पीछे एक छोटी सी खुली जगह है. इसी स्थान पर वह और उनके पड़ोसी अपने गैस सिलेंडर रखते हैं. 11 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे उन्होंने अपना खाली गैस सिलेंडर वहां रखा हुआ देखा था. लेकिन जब सुबह करीब 6 बजे उन्होंने उस जगह को देखा तो सिलेंडर गायब था. इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तो चोरी की बड़ी वारदात का पता चला.
जांच के दौरान सामने आया कि चोरों ने सिर्फ एक घर को निशाना नहीं बनाया था. गिरोह ने आसपास रहने वाले कुल पांच पुलिसकर्मियों के घरों से गैस सिलेंडर चोरी किए. इनमें 4 एचपी गैस और 1 भारत गैस कंपनी का सिलेंडर शामिल है. पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए इन पांच सिलेंडरों की कुल कीमत करीब 11,500 रुपये है. कुछ घरों से भरे हुए सिलेंडर भी चोरी किए जाने की बात सामने आई है.
वारदात के बाद पीड़िता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. इसके आधार पर एलटी मार्ग पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर इतने संवेदनशील इलाके में चोर किस तरह पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर कैसे फरार हो गए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
पुलिस के लिए यह घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि चोरी की वारदात मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय और एलटी मार्ग पुलिस स्टेशन के बेहद करीब हुई है. हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले इस इलाके में पुलिसकर्मियों के घरों को ही निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से चोरों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है.
Tags: