श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बताया कि पीएसएलवी के तीसरे चरण (पीएस3) का ग्राउंड स्टैटिक परीक्षण आज सफलतापूर्वक किया गया। परीक्षण श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र की स्टैटिक टेस्ट सुविधा में संपन्न हुआ। पीएस3 सॉलिड मोटर चरण के नए संस्करण को आवश्यक सुधारों के साथ तैयार कर जांचा गया। इसरो के अनुसार, पीएसएलवी-सी61/ईओएस-09 और पीएसएलवी-सी62/ईओएस-एन1 मिशनों के दौरान तीसरे चरण में सामने आई असामान्यताओं के बाद इसकी संरचना की व्यापक समीक्षा की गई। समीक्षा में डिजाइन मार्जिन, कच्चे माल की स्वीकार्यता के मानदंड, असेंबली प्रक्रियाओं और अब तक अपनाई जा रही गुणवत्ता जांचों को शामिल किया गया।
समीक्षा के बाद पीएस3 की संरचना को मजबूत किया गया। डिजाइन मार्जिन बेहतर बनाने के लिए नोजल की संरचना में जरूरी सुधार किए गए। इसके साथ कच्चे माल को स्वीकार करने, असेंबली और गुणवत्ता परीक्षण से संबंधित प्रक्रियाएं भी अद्यतन की गईं। अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि यांत्रिक जोड़ मजबूत किए गए हैं। सीलिंग प्रणालियों में अतिरिक्त व्यवस्था जोड़ी गई है और डिजाइन मार्जिन की पर्याप्तता का सत्यापन किया गया है। ये बदलाव तीसरे चरण के नए संस्करण में लागू किए गए हैं।
इसरो के मुताबिक, एकीकरण और परिवहन के विभिन्न चरणों के दौरान असेंबली प्रक्रियाओं तथा बिना क्षति पहुंचाए की जाने वाली जांचों यानी नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्ट (एनडीटी) में भी बदलाव लागू किए गए। अद्यतन प्रक्रियाओं और सुधारों के साथ तैयार पीएस3 सॉलिड मोटर चरण का परीक्षण सफल रहा। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि परीक्षण से प्राप्त आंकड़ों का विस्तृत विश्लेषण और समीक्षा की जाएगी। इसी आधार पर आगे के परीक्षणों की योजना बनाई गई है। इसरो ने सफल ग्राउंड स्टैटिक परीक्षण की जानकारी देते हुए तीसरे चरण की संरचना, निर्माण प्रक्रियाओं और गुणवत्ता जांच में किए गए सुधारों का विवरण साझा किया।