शमला हिमाचल में मौसम विभाग के अलर्ट के बीच भारी बारिश का दौर जारी है। शनिवार देर रात से ही प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते नदी नाले उफान पर आ गए हैं। बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है क्योंकि जिन किसानों की धान की फसल का काम बारिश न होने से रूका पड़ा था वह अब उसे पूरा करने में जुट गए हैं। वहीं, दूसरी ओर भारी बारिश से दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं। भारी बारिश के चलते चुवाड़ी-सिंहुता-द्रम्मन मार्ग पर लाहडू में पनियाला माता मंदिर के पास भारी भूस्खलन हुआ है जिसके चलते वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। वहीं, स्मार्ट सिटी धर्मशाला के वार्ड दाड़ी के झिकली बडोल में कूहल का पानी घरों में घुस गया, जिसके चलते लोग आधी रात को घरों से निकलने को मजबूर हो गए।
बता दें कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 से 24 जुलाई 2026 तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 20 और 21 जुलाई को कई जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, सिरमौर, शिमला, सोलन, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से, 20 और 21 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सिरमौर जैसे जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, 22 जुलाई को भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।