शिमला। दीपावली पर दौरान प्रदेशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी संभावित अग्निकांड से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश अग्निशमन विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। प्रदेश के सभी जिलों में अग्निशमन कर्मियों की तैनाती के साथ अग्निशमन वाहनों और जरूरी उपकरणों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। विभाग ने दीपावली के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार, मंडलीय अग्निशमन अधिकारी नितिन धीमान और अग्निशमन अधिकारी भगत राम ठाकुर ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर प्रदेशभर में करीब 850 अग्निशमन कर्मियों के अलावा गृह रक्षकों की भी तैनाती की गई है।

शिमला शहर में आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत करने के लिए राज्य अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र बलदेयां में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं को भी विभिन्न अग्निशमन केंद्रों में तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग ने शहरों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थापित अग्निशमन हाइड्रेंट का विशेष निरीक्षण किया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि दीपावली पर पटाखों का कम से कम इस्तेमाल करें और आतिशबाजी केवल खुले स्थानों पर ही करें। ज्वलनशील पदार्थों, गैस सिलेंडरों, वाहनों और बिजली के उपकरणों के आसपास पटाखे न जलाएं। किसी भी आपातकालीन स्थिति में लोग तत्काल अग्निशमन हेल्पलाइन नंबर 112 अथवा शिमला अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0177-2658976 और 0177-2800101 पर सूचना दे सकते हैं।
Tags: