Jharkhand झारखंड: राजधानी रांची में जेपीएससी और जेएसएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच शुक्रवार को छात्र प्रतिनिधिमंडल और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के बीच अहम बैठक हुई। बैठक के बाद छात्र प्रतिनिधिमंडल के सदस्य राजेश प्रसाद ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि सरकार ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना और उन्हें उचित माना है।
राजेश प्रसाद ने बताया कि 10 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के चार मंत्रियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बैठक की शुरुआत बेहद सौहार्दपूर्ण और पारिवारिक माहौल में हुई, जिससे छात्रों को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने भर्ती परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी सभी मांगों को विस्तार से मंत्रियों के सामने रखा और उनके पीछे के कारणों की भी विस्तृत जानकारी दी।
छात्र प्रतिनिधि ने कहा, "मंत्रियों ने हमारी बातों को बहुत ध्यान से सुना और कहा कि हमारी सभी मांगें पूरी तरह जायज हैं।" उन्होंने बताया कि सरकार ने समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक रुख अपनाया है और जल्द ही उचित निर्णय लेने का भरोसा भी दिया है।
राजेश प्रसाद ने कहा कि छात्रों का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाएगी।
गौरतलब है कि जेपीएससी और जेएसएससी अभ्यर्थी लंबे समय से भर्ती परीक्षाओं, नियुक्तियों और अन्य लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई यह बैठक समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब छात्रों को सरकार के अगले निर्णय का इंतजार है।