महिला के बुलाने पर घर पहुंचे युवक की मौत, पति और ससुर पर पिटाई का आरोप
आधी रात फोन करके घर बुलाने का आरोप.
कानपुर: कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एक महिला के बुलाने पर वह देर रात उसके घर पहुंचा था, जहां महिला के पति और ससुर ने उसे बंधक बनाकर पीटा। गंभीर चोट लगने के बाद युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने महिला और उसके परिवार के सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आधी रात फोन करके घर बुलाने का आरोप
मृतक की पहचान गंभीरपुर गांव निवासी अतुल उर्फ गोपाल तिवारी (28) के रूप में हुई है। वह एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। जानकारी के मुताबिक, सोमवार आधी रात वह गांव के दूसरे मोहल्ले में रहने वाले कल्लू अवस्थी के घर में गंभीर रूप से घायल मिला। अतुल की मां के अनुसार, जब वह मौके पर पहुंचीं तो बेटे ने उन्हें बताया कि विकास की पत्नी सुमन ने फोन करके उसे अपने घर बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद विकास और उसके पिता कल्लू ने उसे पकड़ लिया। अतुल ने आरोप लगाया कि दोनों ने उसे बांधकर लाठी-डंडों से पीटा।
मां को बताई आपबीती, फिर हुआ बेहोश
परिजनों के मुताबिक, अतुल के सिर पर गंभीर चोट लगी थी और वह खून से लथपथ था। उसकी पीठ पर भी पिटाई के निशान थे। मां के सामने उसने किसी तरह अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी, लेकिन इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। घर में ऑटो होने के कारण उसे उसी से उपचार के लिए ले जाया जा रहा था। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में अतुल ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
आरोपी पक्ष के घर पहुंचकर दी गई जानकारी
बताया जा रहा है कि घटना के बाद महिला का ससुर अतुल के घर पहुंचा था। उसने परिजनों को बताया कि युवक उनके घर में घायल हालत में पड़ा है। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे वहां से अस्पताल ले जाने लगे। इस घटनाक्रम को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि अतुल को घर बुलाने की वजह क्या थी और उसके साथ मारपीट किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस ने महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला सुमन, उसके पति विकास, ससुर कल्लू और सास को थाने ले जाकर पूछताछ की। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज कर रही है। युवक की मौत के मामले में परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मौत की असल वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।