देवेंद्र महतो से अस्पताल में मिलीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की
मंत्री ने जाना हाल
Ranchi रांची। झारखंड में भर्ती प्रक्रियाओं और JPSC-JSSC से जुड़े मुद्दों को लेकर जारी आंदोलन के बीच कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बुधवार को रांची के सदर अस्पताल पहुंचकर देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात की। महतो पिछले 11 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन अस्पताल में भी उनकी भूख हड़ताल जारी है। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अस्पताल में देवेंद्र नाथ महतो का हालचाल जाना।
+इस दौरान दोनों के बीच JPSC और JSSC से संबंधित विभिन्न मुद्दों तथा आंदोलनकारियों की मांगों पर भी चर्चा हुई। सरकार की ओर से लगातार आंदोलनरत युवाओं से बातचीत का रास्ता निकालने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में कृषि मंत्री और महतो की मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देवेंद्र नाथ महतो ने सदर अस्पताल के सिविल सर्जन को पत्र लिखकर दोबारा आंदोलन स्थल पर जाकर सत्याग्रह में शामिल होने की अनुमति मांगी है। उन्होंने पत्र में कहा कि उनका शरीर अस्पताल के बिस्तर पर है, लेकिन उनकी आत्मा और संघर्ष का संकल्प आंदोलन स्थल पर है। झारखंड में भर्ती प्रक्रियाओं में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ बेरोजगार युवाओं का आंदोलन रांची में चल रहा है।
प्रदर्शनकारी पुरानी भर्ती प्रक्रियाओं को रद्द करने, कथित गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने और मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारियों और सरकार के बीच कुछ मुद्दों पर सहमति बनने की बात कही जा रही है, जबकि कई मांगों को लेकर गतिरोध बरकरार है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन महतो के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रहा है। डॉक्टर उनकी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि मंत्री के साथ हुई बातचीत के बाद आंदोलन और सरकार के रुख में क्या बदलाव आता है।