Gurugram. गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में शीतला कॉलोनी स्थित एक सीएससी सेंटर और मनी ट्रांसफर की दुकान में चाकू के बल पर 50 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल फोन लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान आशीष बघेल, अमर कुमार और विमल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले मोबाइल चार्जर खरीदने के बहाने दुकान में पहुंचे थे। इसके बाद मौका पाकर दुकानदार का मुंह दबाया और चाकू दिखाकर नकदी व मोबाइल लूट लिया।जानकारी के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। शीतला कॉलोनी में रहने वाला पीड़ित सीएससी सेंटर संचालित करता है, जहां मनी ट्रांसफर का काम भी किया जाता है।

बुधवार रात दो युवक उसकी दुकान पर पहुंचे और मोबाइल फोन का चार्जर दिखाने के लिए कहा। चार्जर देखने के बाद दोनों बिना खरीदारी किए वहां से चले गए। कुछ समय बाद दोनों युवक दोबारा दुकान पर पहुंचे और फिर से चार्जर मांगने लगे। दुकानदार जैसे ही उन्हें चार्जर देने लगा, आरोपियों ने अचानक उसे धक्का दे दिया। एक आरोपी ने उसका मुंह दबा लिया, जबकि दूसरे ने चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में रखे 50 हजार रुपये और दुकानदार का मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार ने अगले दिन सेक्टर-5 थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान के लिए जानकारी जुटाई।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-5 थाना और अपराध शाखा पालम विहार की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को बसई क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष बघेल, निवासी जिला एटा, अमर कुमार, निवासी जिला हाथरस और विमल कुमार, निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले दुकान और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी थी। घटना के समय गली में सन्नाटा था और आसपास अन्य दुकानें बंद थीं। आरोपियों ने इसी परिस्थिति का फायदा उठाते हुए लूट की योजना को अंजाम दिया।

जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के दौरान दो आरोपी दुकान के अंदर गए थे, जबकि उनका तीसरा साथी विमल बाहर निगरानी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दुकान में कम लोगों की मौजूदगी का फायदा उठाया। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आशीष बघेल के खिलाफ गुरुग्राम में पहले से लूटपाट के दो मामले दर्ज हैं। वहीं, अमर कुमार के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का एक प्रकरण दर्ज है। पुलिस अन्य आपराधिक गतिविधियों में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
Tags: