बर्थडे पार्टी में छलक रहे थे जाम पुलिस ने मारा छापा 22 हिरासत में
शराब पार्टी पर छापा 8 महिलाओं समेत 22 हिरासत में
Gujrat गुजरात: सूरत में डुमस इलाके स्थित एक फार्महाउस में चल रही कथित हाईप्रोफाइल शराब पार्टी पर पुलिस ने देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आठ महिलाओं और 14 युवकों समेत कुल 22 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक डुमस रोड स्थित ‘बापूजी की वाड़ी’ के ‘जश्न’ बंगले में जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी, जहां कथित तौर पर शराब का सेवन किया जा रहा था। एसीपी श्वेता डेनियल के मुताबिक पुलिस को 14 अगस्त की रात फार्महाउस में शराब पार्टी आयोजित किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद डुमस पुलिस की टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस जब फार्महाउस पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में युवक और युवतियां मौजूद मिले।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पार्टी निधि जरीवाला नामक युवती के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित की गई थी। उसके दोस्तों ने जन्मदिन मनाने के लिए पार्टी का आयोजन किया था। मौके से बर्थडे गर्ल की तस्वीर वाला केक भी मिला। पार्टी में मनोरंजन के लिए अलग-अलग तरह के खेल भी खेले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार पार्टी में शामिल लोगों में अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले युवक-युवतियों के साथ कुछ कॉलेज छात्र भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू की। हिरासत में लिए गए लोगों को मेडिकल जांच के लिए सूरत के नई सिविल अस्पताल ले जाया गया, ताकि शराब के सेवन की पुष्टि की जा सके।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके पर शराब की एक बोतल जली हुई अवस्था में भी मिली। पुलिस को आशंका है कि कार्रवाई की भनक लगने के बाद कथित तौर पर सबूत नष्ट करने के उद्देश्य से बोतल को जलाने की कोशिश की गई हो सकती है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने फार्महाउस से एक व्हिस्की की बोतल और पांच आधी बोतलों सहित शराब से संबंधित सामग्री जब्त करने का दावा किया है। इसके अलावा नौ चारपहिया वाहन और 24 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मोबाइल फोन की जांच से पार्टी और शराब की व्यवस्था से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की संभावना है।
गुजरात में शराबबंदी लागू होने के कारण पुलिस ने मामले में प्रोहिबिशन एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि पार्टी के लिए शराब कहां से और किसके माध्यम से लाई गई थी। शराब उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति या नेटवर्क की पहचान करने का भी प्रयास किया जा रहा है। पुलिस फार्महाउस के मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है और उसका बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।