पुलिस ने छात्रों पर किया वॉटर कैनन का इस्तेमाल, विधानसभा के एकदम करीब पहुंचे छात्र
देखें वीडियो.
रांची: विधानसभा की सुरक्षा में 7 बैरिकेडिंग होती है, जिसमें से छात्र प्रदर्शनकारियों ने अब तक 6 तोड़ दिए हैं. अब सातवां और आखिरी बैरिकेड बाकी है जिसे प्रदर्शनकारी तोड़ रहे हैं, अगर ये टूटी तो वो सीधे विधानसभा चले जाएंगे.
छात्र प्रदर्नकारियों के सातवें और आखिरी बैरिकेडिंग तक पहुंचते ही पुलिस ने उनपर वाटर कैनन एक्शन शुरू कर दिया. ऐसे में छात्र पानी में जमकर डांस करने लगे और कहने लगे- 'और चलाओ, और चलाओ.'
झारखंड विधानसभा की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारी छात्र सीएम हेमंत सोरेन से अपनी मांगें पूरी करने की अपील कर रहे हैं. प्रोटेस्ट में शामिल एक छात्र ने कहा कि आज सीएम सोरेन का बर्थडे है और वो अपनी मांगों के रूप में उनसे रिटर्न गिफ्ट चाहते हैं.
9 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र महतो भी मार्च में शामिल हो गए हैं. अनशन की वजह से वो कमजोर हो गए हैं और चलने की स्थिति में नहीं हैं. ऐसे में महतो को छात्रों ने अपने कंधे पर उठा लिया और फूल बरसाकर उनका स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने तिरंगा लहराकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई धांधली को लेकर झारखंड बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सीएम आवास का घेराव किया. इस दौरान कई नेताओं को हिरासत में लिया गया जिनमें प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू शामिल हैं.