राजधानी में शूटर गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच टीम ने मुठभेड़ के दौरान दबोचा

पढ़े पूरी खबर

Update: 2026-07-30 01:52 GMT

दिल्ली। शाहबाद डेयरी इलाके में रोहिणी क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी स्कूटी पर सवार थे. उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो कई राउंड फायरिंग हुई. जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों को पकड़ लिया गया.

गिरफ्तार आरोपियों में एक हिमांशु भाऊ गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है, जबकि दूसरा नाबालिग है. पुलिस ने दोनों के पास से दो अवैध पिस्टल बरामद की हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी जोगिंदर डबास हत्याकांड में शामिल थे. पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि दोनों किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे या नहीं. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.

हिमांशु भाऊ गैंग दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में सक्रिय कुख्यात आपराधिक गिरोहों में गिना जाता है. इसका सरगना हिमांशु उर्फ भाऊ मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है और फिलहाल विदेश, खासतौर पर पुर्तगाल में रहने की बात सामने आती रही है. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और संगठित अपराध के कई मामले दर्ज हैं. बताया जाता है कि उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी है. यह गैंग कारोबारियों और चर्चित लोगों से रंगदारी मांगने, फायरिंग कर दहशत फैलाने और सोशल मीडिया के जरिए वारदातों की जिम्मेदारी लेने के लिए भी बदनाम है.

18 जून 2024 को पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट में हुई गोलीबारी में अमन नाम के युवक की हत्या कर दी गई थी. जांच में इस हत्याकांड की साजिश हिमांशु भाऊ और जेल में बंद लेडी डॉन अनु के साथ मिलकर रचे जाने की बात सामने आई थी. इसके अलावा एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग और हरियाणा के गोहाना में कारोबारियों पर गोलीबारी जैसी घटनाओं में भी इस गैंग का नाम सामने आ चुका है.

Tags:    

Similar News