80 लाख की जगुआर से पहुंचे चोरों ने बिल्डर के घर की करोड़ों की चोरी की, 2 महिलाएं गिरफ्तार
हाईप्रोफाइल चोरी
Jharkhand झारखंड। राजधानी रांची के हाई-प्रोफाइल अशोक नगर इलाके में बिल्डर के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि अंतरराज्यीय चोर गिरोह ने वारदात को अंजाम देने के लिए करीब 80 लाख रुपये कीमत की लग्जरी जगुआर कार का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने इस मामले में गिरोह से जुड़ी दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 17 लाख रुपये नकद, सोने-हीरे के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल की गई जगुआर कार बरामद की गई है। हालांकि, गिरोह का मुख्य सरगना अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 9 जुलाई को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में बिल्डर अखिलेश पांडेय और निशित केसरी के घर चोरी की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। डिजिटल साक्ष्यों की जांच में पता चला कि आरोपी वारदात से पहले रांची के एक होटल में रुके थे। चोरी के लिए उत्तर प्रदेश नंबर की ब्लू रंग की जगुआर कार का इस्तेमाल किया गया था, जिसे पुलिस ने पश्चिम बंगाल सीमा के पास से बरामद किया।
पुलिस जांच में गिरोह के मुख्य आरोपी की पहचान बिहार के सीतामढ़ी निवासी मोहम्मद इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ देश के कई राज्यों के करीब 80 थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपी कानपुर, दिल्ली, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, पुणे समेत कई शहरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने उसकी पत्नी गुलशन प्रवीण और अफरोज की पत्नी शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी और उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है और पूरे आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।