दुर्गा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसे, 3 जिलों में 6 लोगों की मौत, 2 लापता
गोंडा में पांच लोग डूबे, दो की तलाश जारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन जिलों में हुए हादसों ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। प्रयागराज, फतेहपुर और गोंडा में नदी और तालाब में डूबने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।
प्रयागराज में दो युवकों की डूबने से मौत
प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान टोंस नदी में दो युवक डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों ने तलाश अभियान चलाया। स्थानीय मछुआरों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर कौंधियारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राहुल पांडेय और अमित कुमार के रूप में हुई है।
फतेहपुर में तीन किशोरों की गई जान
फतेहपुर जिले के खागा क्षेत्र स्थित बैजूपुर मजरे कटोघन में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच किशोर तालाब में डूब गए। इनमें से दो को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन किशोरों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान आदित्य, साजन और अभिमन्यु के रूप में हुई है।
गोंडा में पांच लोग डूबे, दो की तलाश जारी
गोंडा जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के भैरमपुर में विसर्जन के दौरान पांच लोग पानी में डूब गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। अन्य दो लोग लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। तीनों जिलों में हुए इन हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन घटनाओं ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और गहरे पानी में उतरते समय सावधानी बरतने की आवश्यकता को फिर उजागर किया है।