दिल्ली में दर्दनाक हादसा, हाथ में अनार पटाखा फटने से 10 साल के बच्चे की मौत
अचानक धमाके से मासूम की मौत
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में दीपावली के दौरान पटाखा जलाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर पटाखे जला रहे 10 वर्षीय बच्चे के हाथ में अचानक अनार पटाखा फट गया। विस्फोट इतना गंभीर था कि बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश्वरन आर. ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर पुलिस को एक कॉल प्राप्त हुई थी। कॉल में बताया गया कि पटाखे जलाते समय एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है और अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की उम्र महज 10 साल थी। वह अपने घर के बाहर हाथ में पकड़कर अनार पटाखा जला रहा था। इसी दौरान पटाखा अचानक उसके हाथ में ही फट गया। धमाके के कारण बच्चे को गंभीर चोटें आईं। हादसा रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर हुआ था। घटना के तुरंत बाद परिवार के सदस्य घायल बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया।
अतिरिक्त डीसीपी लोकेश्वरन आर. ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बच्चा घर के बाहर पटाखे जला रहा था। इसी दौरान हाथ में पकड़ा अनार पटाखा अचानक फटने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना के बाद परिवार के सदस्य बच्चे को बिना देरी किए अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
नरेला में हुई इस घटना ने पटाखे जलाते समय सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। विशेष रूप से बच्चों के हाथों में पटाखे फटने से होने वाले खतरों की ओर इस हादसे ने ध्यान खींचा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। 10 वर्षीय बच्चे की मौत से परिवार की त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।