लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के 209 उम्मीदवारों की सूची तैयार कर दिल्ली भेजे जाने के दावे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने खंडन किया है। संयुक्त बयान में दोनों नेताओं ने इस खबर को असत्य, निराधार और मनगढ़ंत बताया।
बयान के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से कुछ समाचार माध्यमों, व्यक्तियों और संस्थानों की ओर से यह दावा प्रसारित किया जा रहा था कि प्रदेश भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 209 प्रत्याशियों के नाम तय कर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिए हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई सूची तैयार नहीं की गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।
भाजपा नेतृत्व ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। बयान में कहा गया कि भाजपा एक अनुशासित और कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है। विधानसभा सहित अन्य चुनावों में प्रत्याशियों का चयन निर्धारित संगठनात्मक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किया जाता है। पार्टी के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव के लिए यह प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है।
संयुक्त बयान में कथित सूची से जुड़ी खबरों को भ्रामक दुष्प्रचार बताया गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस, भ्रम और भय का वातावरण बनाने के उद्देश्य से ऐसी अफवाह फैलाई जा रही है। नेतृत्व ने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए खारिज किया।
पार्टी ने अपने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से तथ्यहीन खबरों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। साथ ही कहा कि केवल भाजपा के अधिकृत मंचों से जारी सूचनाओं को ही प्रामाणिक माना जाए। इस स्पष्टीकरण के जरिए प्रदेश नेतृत्व ने साफ किया है कि 209 उम्मीदवारों की कथित सूची को पार्टी की आधिकारिक सूची मानने का कोई आधार नहीं है।
Tags: