UPDATE: दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर भगदड़, 35 लोग अस्पताल पहुंचाए गए, दर्शन पर रोक
श्रद्धालु घायल
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गिरीश पार्क थाना क्षेत्र स्थित सारदा पार्क (चोरबागान) दुर्गा पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। कोलकाता पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब 7:40 बजे हुई। उस समय बारिश हो रही थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल में दर्शन के लिए पहुंचे थे।
पुलिस ने बताया कि भगदड़ के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया और प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालकर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MCH) पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लगभग 35 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने कंट्रोल रूम से अतिरिक्त बल बुलाया। इसके अलावा दमकल विभाग, कोलकाता पुलिस की डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप (DMG) टीम और मेडिकल स्टाफ के साथ एंबुलेंस को भी मौके पर तैनात किया गया।
पुलिस के अनुसार, राहत एवं बचाव अभियान के बाद पूजा पंडाल को फिलहाल श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया है। किसी भी व्यक्ति को पंडाल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। घटना के कारणों और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था को लेकर आगे की जांच की जाएगी।
स्थानीय रिपोर्टों में भी बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने और अस्पताल पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अस्पताल पहुंचाए गए सभी 35 लोगों के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। घायलों की स्थिति और अन्य विवरणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।