Islamabad इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को शांति रैली के दौरान हुए जोरदार धमाके में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, धमाका आत्मघाती हमला बताया जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह धमाका स्वात जिले के कबाल पुलिस स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी लेने की कोशिश की थी, इसी दौरान उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। घटना में पांच सुरक्षाकर्मियों समेत कई लोगों की मौत हुई है।
यह शांति रैली स्थानीय ट्राइबल काउंसिल स्वात अमन जिरगा की ओर से आयोजित की गई थी। रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे और वे क्षेत्र में बढ़ती आतंकी घटनाओं के खिलाफ शांति की मांग कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब कार्यक्रम में अंतिम वक्ता लोगों को संबोधित कर रहे थे, तभी अचानक तेज धमाका हुआ और मौके पर भगदड़ मच गई।
घटना के बाद पुलिस, सुरक्षा बल और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों को इलाज के लिए सैदु शरीफ टीचिंग हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर जांच अभियान शुरू कर दिया है। फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
खैबर पख्तूनख्वा में पिछले कुछ समय से आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे पहले पेशावर में आईईडी धमाके में दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जबकि हांगू में पुलिस चेकपोस्ट पर हुए हमले में कई जवानों की मौत हुई थी। खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंदी और मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने हमले की निंदा करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।