दिल्ली में चाकूबाजी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. सेंट्रल दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई. हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए.

जानकारी के मुताबिक, आनंद पर्वत के गली नंबर 16 (नई बस्ती) में कुणाल ढींगरा (18 साल) पर कुछ बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते ताबड़तोड़ चाकू से कई वार किए. गंभीर रूप से घायल कुणाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

घटना की सूचना मिलते ही आनंद पर्वत थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं.

मृतक के भाई मयंक ढींगरा ने प्रशासन से इंसाफ की मांग की है. उन्होंने बताया, 'शाम को 8:30 बजे मेरे भाई को 16 बार चाकू मारकर मार दिया गया है. जिन लड़कों के नाम सामने आए हैं, वो पुलिसवालों को लिखवा दिए हैं. फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं हुई है. मुझे भी फोन पर धमकी मिली है कि तुझे भी मार देंगे. गालियां दे रहे हैं वो, हमारे पास रिकॉर्डिंग है जो मैंने पुलिस को भेज दी है.'

मयंक ने बताया, 'मुझे किसी ने आकर बताया कि कुणाल को किसी ने चाकू मार दिया. मेरी मम्मी भागी-भागी गईं, जो गणेश पूजा कर रही थीं. मैं तो घर में सो रहा था. हम उसे अस्पताल लेकर गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया.'

 बता दें कि दिल्ली में लगातार चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं. इससे पहले 16 सितंबर को केशव पुरम के कन्हैया नगर में एक शराब की दुकान के बाहर दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया था. इस हमले में एक युवक की मौत हो गई थी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था.

 

Tags: