बोतल का पानी पीने से युवती को होने लगी खून की उल्टियां, डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए रेफर किया
देखें वीडियो.
हापुड़: यूपी के हापुड़ में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जब एक युवती ने गलती से पानी समझकर तेजाब पी लिया। घटना कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली रोड के मोहल्ला अर्जुन नगर की है।यहां एक स्कूल शिक्षिका ने पानी समझकर गलती से तेजाब पी लिया, जिससे उनका गला बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेरठ के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी रिया एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह मोहल्ले में स्थित सर्राफ की दुकान पर खरीदारी करने गई थीं। खरीदारी के दौरान उन्हें प्यास लगी तो उन्होंने दुकानदार से पानी मांगा। इस पर सर्राफ की दुकान से पड़ोस में स्थित कंफैक्शनरी की दुकान से पानी की बोतल मंगवाई गई।
बताया गया कि रिया ने जैसे ही बोतल से पानी समझकर एक घूंट पिया, उनके गले में तेज जलन होने लगी। कुछ ही क्षणों में उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह दर्द से तड़पने लगीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें तत्काल नगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ के एक अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित लोगों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पानी की जगह गलती से तेजाब की बोतल पहुंच गई थी। पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। जिसमें युवती बोतल से पानी पीती दिख रही है।
पुलिस ने कंफैक्शनरी संचालक से भी पूछताछ की। दुकानदार का कहना है कि उसने जो बोतल उपलब्ध थी, उसी को पानी समझकर दिया और उसे भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसमें तेजाब जैसा ज्वलनशील पदार्थ है। वहीं इस मामले में युवती की मां ने बताया कि ज्वेलर से बोतल मांगने पर पड़ोस का युवक ठंडी और सीलबंद बोतल लेकर आया था। सील खोलने के बाद सर्राफ अनुज ने पहले उन्हें बोतल पीने को दी, लेकिन ज्यादा ठंडी होने के चलते उन्होंने बोतल अपनी बेटी को दे दी। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।