पेशावर: पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में सोमवार को एक चेकपोस्ट पर आतंकवादियों के हमले में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और तीन अन्य का अपहरण कर लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) सलाहुद्दीन कुंडी के अनुसार, यह घटना अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू जिले में शाह अलमास पीर हिल पर एक चेकपोस्ट पर हुई। किसी भी समूह या व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालाँकि, प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने नवंबर 2022 में संघीय सरकार के साथ संघर्ष विराम समझौते के समाप्त होने के बाद से प्रांत में बार-बार हमले किए हैं।
पुलिस और सुरक्षा बलों की एक बड़ी टुकड़ी घटनास्थल पर पहुंची, इलाके की घेराबंदी की और हमलावरों के साथ भीषण गोलीबारी की। डीपीओ कुंडी ने कहा कि गोलीबारी के दौरान कांस्टेबल फिरोज अली की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हमलावर तीन अपहृत पुलिसकर्मियों को पास के इलाके खानानो कोटा की ओर ले गए थे, उन्होंने कहा कि इन कर्मियों को बरामद करने के लिए तलाशी अभियान जारी है।