Delhi उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गौतमपुरी इलाके में अपनी बड़ी बहन की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में 22 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि उन्हें 17 जुलाई को रात करीब 8:21 बजे न्यू उस्मानपुर पुलिस स्टेशन में घटना की जानकारी मिली। पुलिस की एक टीम गौतमपुरी की गली नंबर 17 में पहुंची, जहां वसीमा (32) नाम की महिला गोली लगने से घायल हालत में मिली।
पुलिस ने न्यू उस्मानपुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। इस बीच, जाफराबाद पुलिस स्टेशन के हेड कॉन्स्टेबल नफीश, जो चौहान बांगर में गश्त पर थे, ने एक व्यक्ति को संदिग्ध हरकत करते और भागने की कोशिश करते देखा। उसे रोका गया और तलाशी ली गई, जिसमें एक देसी पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना निवासी मोहम्मद अनस (22) के तौर पर बताई और अपनी बहन की गोली मारकर हत्या करने की बात कबूल की। जाफराबाद पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एक अलग मामला दर्ज किया गया। बाद में पुलिस ने पुष्टि की कि आरोपी का संबंध न्यू उस्मानपुर में हुई हत्या की घटना से था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार ज़ब्त कर लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।