छठ महापर्व पर सूर्यदेव की आराधना, प्रवेश साहिब सिंह ने परिवार के साथ की पूजा
छठी मैया से मांगी देश की खुशहाली, मंत्री ने सभी देशवासियों को दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली: दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने रविवार को अपने निवास स्थान पर छठ महापर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया की पूजा की और डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार तथा देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
छठ पर्व के अवसर पर उनके आवास पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। छठ व्रतियों और उनके परिवार के सदस्यों के पहुंचने पर मंत्री की पत्नी स्वाति वर्मा ने सभी का आत्मीयता के साथ स्वागत किया। पूजा-अर्चना के दौरान धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान का पालन किया गया।
आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व
इस अवसर पर मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारी लोक संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता की भावना का भी प्रतीक है। यह पर्व समाज को स्वच्छता, संयम, समर्पण और पारिवारिक एकजुटता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा में व्रतियों की कठिन साधना, अनुशासन और अटूट निष्ठा भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदरता को दर्शाती है। इस पर्व के माध्यम से प्रकृति और सूर्य की उपासना के साथ परिवार तथा समाज की खुशहाली की कामना की जाती है।
देशवासियों की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
मंत्री ने छठी मैया से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद दिल्ली सहित पूरे देश के प्रत्येक परिवार पर बना रहे। सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य आए तथा हर घर खुशियों से रोशन रहे।
उन्होंने छठ महापर्व के अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। उनके आवास पर आयोजित पूजा-अर्चना के दौरान छठ पर्व की धार्मिक आस्था, पारिवारिक सहभागिता और लोक परंपरा की झलक देखने को मिली।