ऑनलाइन बिक्री वाले देसी घी की गुणवत्ता की जांच, 19 नमूने असुरक्षित मिले
क्विक-कॉमर्स गोदामों से लिए गए घी के 19 नमूने असुरक्षित पाए गए
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने ई-कॉमर्स और क्विक-कॉमर्स कंपनियों के गोदामों तथा डार्क स्टोर्स का निरीक्षण किया। विभाग ने इसके साथ ही बाजार में बिक रहे देसी घी के विभिन्न ब्रैंड्स के नमूनों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई परिसरों में एक्सपायरी खाद्य उत्पाद, कीटों की मौजूदगी, अस्वच्छ भंडारण और तापमान बनाए रखने में कमियां सामने आईं। वहीं, देसी घी के 59 नमूनों की जांच में 19 नमूने असुरक्षित और चार नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं पाए गए। यह अभियान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करना या मिलावट के जरिए लोगों की सेहत को खतरे में डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में क्विक-कॉमर्स और रिटेल कंपनियों के खाद्य भंडारण केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक्सपायरी उत्पादों के अलावा कीटों की मौजूदगी, अस्वच्छ भंडारण, कोल्ड स्टोरेज का निर्धारित तापमान बनाए रखने में कमी, क्षतिग्रस्त पैकेट और लेबलिंग संबंधी खामियां दर्ज की गईं। उत्तम नगर स्थित स्विगी इंस्टामार्ट के परिसर में एक्सपायरी अवधि पार कर चुके फ्रोजन हरी मटर, ग्रीक योगर्ट, एगलेस चॉकलेट-चिप ब्राउनी और गाय के घी के उत्पाद मिले। यहां अंकुरित अनाज, फल और सब्जियों के कुछ पैकेटों पर एक्सपायरी तिथि भी अंकित नहीं थी। वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड के परिसर में मक्खियां, मच्छर और छिपकली देखी गई। वहां मकड़ी के जाले भी मौजूद थे। इसके अलावा, सफाई का शेड्यूल और सफाई संबंधी चेकलिस्ट उपलब्ध नहीं थी।
निरीक्षण में घेवरा स्थित जोमैटो हाइपरप्योर के परिसर में एक्सपायरी अवधि पार कर चुके कोक डाइट और नेस्ले शिकंजी के उत्पाद मिले। वहां अस्वच्छ परिस्थितियां भी दर्ज की गईं। झील खुरेजा स्थित ज़ेप्टो लिमिटेड के परिसर में कोल्ड स्टोरेज का तापमान निर्धारित स्तर पर बनाए रखने में कमी पाई गई। वहां कॉकरोच और मकड़ी के जाले मिले। रैक गंदे और जंग लगे थे, खाद्य उत्पाद खराब हो चुके उत्पादों के ऊपर रखे गए थे, दीवारों की सतह उखड़ रही थी और कुछ खाद्य पदार्थ सीधे फर्श पर रखे मिले। ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के आसफ अली रोड और दरियागंज स्थित परिसरों में गंदे क्रेट और खाद्य भंडारण क्षेत्रों में धूल जमा मिली। चूहों को पकड़ने के लिए लगाए गए ट्रैप उचित स्थानों पर नहीं थे और उनकी संख्या भी पर्याप्त नहीं थी। वहीं, रोहिणी स्टोर में खाद्य पदार्थों को इस तरह अलग-अलग रखने की व्यवस्था नहीं मिली, जिससे एक उत्पाद से दूसरे में संदूषण का जोखिम रोका जा सके। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए गए और संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दिल्ली के विभिन्न बाजारों से देसी घी के अलग-अलग ब्रांडों के कुल 59 नमूने लिए। इनमें नाहरपुर, पोसंगीपुर, लक्ष्मी नगर, प्रीत विहार, रामपुरा, टैगोर गार्डन, कल्याणपुरी, कृष्णा विहार और कोंडली बाजार शामिल थे। जांच में 19 नमूने मानव उपभोग के लिए असुरक्षित और चार नमूने खरे नहीं पाए गए। कुल नमूनों में 42 प्रतिशत से अधिक मानकों पर खरे नहीं उतरे।
जिन ब्रैंड्स के नमूनों को मानव उपभोग के लिए असुरक्षित माना गया है उनमें हरियाणा लाइट, हरियाणा सुप्रीम, हरियाणा डेयरी, हरियाणा प्योर, श्री हरियाणा किंग, श्री हरियाणा फूड्स, करतार, प्रभास, मधु संगम, राधा कृष्णा, न्यू पंजाब सुपर ब्रांड, अक्षरा, आनंद गोल्ड, श्री नंदन, श्री मोहन, श्री कृष्णा शामिल हैं। विभाग ने नोवा, गोवर्धन प्योर गाय का घी) और प्रताप देसी घी के नमूनों को उपमानक बताया है। विभाग के अनुसार असुरक्षित घी बेचने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध प्रतिष्ठान बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं और उनके लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।