लाइफ स्टाइल : खाना बनाते समय मात्रा का सही अनुमान लगाने के बावजूद थोड़ा-बहुत भोजन अक्सर बच जाता है। खासकर रात के खाने में बनाए गए चावल बचने पर उन्हें फ्रिज में रख दिया जाता है, ताकि अगले दिन दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। फ्रिज से निकालने पर चावल के दाने आपस में चिपके हुए, सख्त और सूखे दिखाई देते हैं। इन्हें सीधे कड़ाही या पतीले में गर्म करने पर नमी और कम हो सकती है, जिससे चावल खाने में अच्छे नहीं लगते।
बचे हुए चावल को दोबारा मुलायम बनाने के लिए भाप का इस्तेमाल प्रभावी हो सकता है। इससे चावल में नमी लौटती है और उनके जलने या अधिक सूखने की आशंका भी कम रहती है। हालांकि चावल गर्म करने से पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उन्हें पकाने के बाद सही तरीके से ठंडा करके फ्रिज में रखा गया था।
डबल बॉयलर विधि से गर्म करें चावल
फ्रिज में रखे चावल गर्म करने के लिए एक बड़ी कड़ाही या पतीला लें। इसमें थोड़ी मात्रा में पानी डालकर गैस पर गर्म होने के लिए रखें। पानी के अंदर एक स्टैंड रख दें। यदि स्टैंड उपलब्ध नहीं है तो गर्मी सहन करने वाली छोटी कटोरी को उल्टा करके रखा जा सकता है।
अब ठंडे चावल किसी स्टील के बर्तन में डालें और उस बर्तन को स्टैंड के ऊपर रख दें। ध्यान रहे कि चावल वाला बर्तन नीचे रखे पानी के सीधे संपर्क में न आए। पतीले को ढक्कन से अच्छी तरह ढक दें और चावल को लगभग तीन से पांच मिनट तक भाप में गर्म होने दें।
गर्म भाप चावल के दानों तक पहुंचकर उनकी खोई हुई नमी लौटाने में मदद करती है। इससे चावल बिना जले और अधिक सूखे मुलायम हो सकते हैं। चावल की मात्रा ज्यादा हो तो उन्हें पूरी तरह गर्म होने में कुछ अतिरिक्त समय लग सकता है।
बार-बार चम्मच से न चलाएं
फ्रिज से निकले चावल शुरुआत में सख्त होते हैं। ऐसे में उन्हें तुरंत चम्मच से बार-बार चलाने पर दाने टूट सकते हैं और चावल अधिक चिपचिपे हो सकते हैं। इसलिए पहले कुछ मिनट उन्हें भाप में नरम होने दें।
जब चावल अच्छी तरह गर्म हो जाएं तो अंत में चम्मच या कांटे से धीरे-धीरे दानों को अलग करें। नीचे और ऊपर रखे चावलों को हल्के हाथ से मिलाने पर सभी दाने समान रूप से गर्म हो जाएंगे। इस तरीके से चावल का स्वाद और बनावट ताजे चावल के काफी करीब लाई जा सकती है।
ज्यादा सख्त चावल पर डालें पानी के छींटे
यदि चावल बहुत अधिक सूखे और सख्त हो गए हैं तो गर्म करने से पहले उन पर थोड़ा पानी छिड़क सकते हैं। पानी की मात्रा बहुत कम रखें, क्योंकि ज्यादा पानी डालने पर चावल गीले और चिपचिपे हो सकते हैं। पानी छिड़कने के बाद चावल को ढककर भाप में गर्म करें।
यदि डबल बॉयलर की व्यवस्था नहीं है तो मोटे तले वाले पतीले में चावल डालकर उस पर थोड़ा पानी छिड़कें। इसके बाद बर्तन को ढककर बेहद धीमी आंच पर गर्म करें। बीच में एक बार चावल को हल्के हाथ से मिलाएं, ताकि वे नीचे से न जलें।
सुरक्षित तरीके से स्टोर करना जरूरी
बचे हुए चावल में कुछ बैक्टीरिया के बीजाणु जीवित रह सकते हैं। कमरे के तापमान पर लंबे समय तक रखने से इनके बढ़ने और विषाक्त पदार्थ बनने का खतरा रहता है। इसलिए पकने के बाद चावल को जल्दी ठंडा करके फ्रिज में रखना जरूरी है।
ब्रिटेन की के अनुसार पके हुए चावल को एक घंटे के भीतर ठंडा करके फ्रिज में रखना और 24 घंटे के अंदर इस्तेमाल करना चाहिए। चावल को एक से अधिक बार गर्म नहीं करना चाहिए। पूरी रात कमरे के तापमान पर रखे गए चावल को खाना सुरक्षित नहीं माना जाता।
चावल को दोबारा गर्म करते समय केवल हल्का गुनगुना करना पर्याप्त नहीं है। वे अंदर तक भाप छोड़ते हुए अच्छी तरह गर्म होने चाहिए। अमेरिकी सरकारी फूड सेफ्टी पोर्टल के मुताबिक बचे हुए भोजन को गर्म करते समय उसका आंतरिक तापमान 74 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचना चाहिए। भोजन को ढककर गर्म करने से नमी बनी रहती है और वह समान रूप से गर्म होता है। यदि चावल से असामान्य गंध आए, रंग बदला दिखाई दे या उनके सुरक्षित भंडारण को लेकर संदेह हो तो उन्हें खाना उचित नहीं है।