खैरागढ़ में 21 स्कूली वाहनों की जांच, सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर सुधार के निर्देश

छग

Update: 2026-07-12 17:14 GMT
KCG. केसीजी। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केसीजी जिले में पुलिस विभाग और परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर स्कूल बसों और वैन का भौतिक निरीक्षण किया। खैरागढ़ स्थित राजा फतेह सिंह मैदान में आयोजित इस जांच अभियान के दौरान कुल 21 स्कूली वाहनों की बारीकी से जांच की गई। जिला केसीजी पुलिस टीम के समन्वय से अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजनांदगांव अनिल भगत के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी स्कूल वाहन सुरक्षा गाइडलाइन और यातायात नियमों के पालन की स्थिति की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान वाहनों के प्रदूषण प्रमाण पत्र, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट, पैनिक बटन, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन निकास द्वार सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। अधिकारियों ने स्कूल बसों और वैन में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक बिंदु का परीक्षण किया।
परिवहन विभाग की जांच में कुछ वाहनों में आवश्यक कमियां पाई गईं। अधिकारियों ने संबंधित वाहन संचालकों को इन कमियों को दो दिनों के भीतर सुधारने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सुधार के बाद वाहनों का पुनः निरीक्षण कराने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूल वाहन संचालकों को सभी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी गई है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण अभियान के दौरान स्कूली बसों के चालक और परिचालकों को भी सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में अग्निशमन यंत्र के सही उपयोग और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। स्कूल वाहनों की नियमित जांच इसी अभियान का हिस्सा है, ताकि बच्चों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिला केसीजी पुलिस ने बताया कि यातायात नियमों के प्रभावी पालन और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त निगरानी से स्कूल वाहन संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए लगातार जागरूक किया जाएगा।
Tags:    

Similar News